29 को जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी राष्ट्रपति, जिला प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा

- 29 दिसंबर को एनआईटी आदित्यपुर के दीक्षांत समारोह एवं करनडीह भवन में ओलचिकी लिपि के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी।
जमशेदपुर | माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 29 दिसम्बर 2025 को जमशेदपुर आगमन निर्धारित है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने करनडीह स्थित जाहेर स्थल, एयरपोर्ट परिसर तथा प्रस्तावित रूट लाइन का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर उप विकास आयुक्त, सिटी एसपी, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, डीटीओ, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, विद्युत, अग्निशमन एवं अन्य सभी सम्बंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने माननीय राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं समन्वित रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि माननीय राष्ट्रपति के आगमन एवं कार्यक्रम के दौरान प्रोटोकॉल, सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस प्रशासन को राष्ट्रपति प्रोटोकॉल के अनुरूप तैनाती, बैरिकेडिंग, रूट लाइन क्लियरेंस, पार्किंग प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थलों एवं मार्गों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया गया।
एयरपोर्ट एवं रूट लाइन व्यवस्था
एयरपोर्ट परिसर में आगमन एवं प्रस्थान से संबंधित सभी औपचारिकताओं को राष्ट्रपति सचिवालय एवं सुरक्षा एजेंसियों के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। रूट लाइन निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, संकेतक, आपात सेवाओं की उपलब्धता एवं निर्बाध आवागमन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
करनडीह स्थित जाहेरस्थल पर आगन्तुकों के बैठने की व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, शौचालय, फायर सेफ्टी, चिकित्सा सुविधा एवं आपातकालीन प्रबंधन की व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार्य नहीं होगी तथा सभी व्यवस्थाएँ राष्ट्रपति प्रोटोकॉल के अनुरूप हों।
उपायुक्त ने सभी विभागों—पुलिस, प्रशासन, नगर निकाय, स्वास्थ्य, विद्युत, अग्निशमन, परिवहन एवं अन्य संबंधित इकाइयों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर तैयारियाँ पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम के दौरान समयपालन एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा जाए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि माननीय राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, प्रत्येक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। माननीय राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कार्यक्रम गरिमापूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।



Post Comment