ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह में 1:10 घंटे तक करनडीह रुकेंगी राष्ट्रपति

जमशेदपुर | ऑल इंडिया संथाली राइटर्स एसोसिएशन के तत्वाधान में 29 दिसंबर को आयोजित होने वाले ओल चिकी लिपि के शताब्दी समारोह के समापन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगी। इस अवसर पर वे करनडीह स्थित जाहेरस्थान सभागार में 01:10 घंटे तक रुकेंगी। संथाली भाषा में योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करेगी। उक्त बाते शुक्रवार को जाहेरस्थान में आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के महासचिव रवीन्द्रनाथ मुर्मू ने दी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पश्चिम बंगाल झाड़ग्राम के विधायक पद्मश्री कालीपत सोरेन भी इस कार्यक्रम में बतौर अतिथि उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम एक नजर
राष्ट्रपति सोनारी स्थित हवाई अड्डे से करनडीह स्थित जाहेरस्थान पहुंचेंगी। वहां पूजा-अर्चना करने के बाद पंडित रघुनाथ मुर्मू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। 10 मिनट का ब्रेक लेने के बाद 10:40 बजे में मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचेंगी और वहां 11:50 बजे तक रुकेंगी। कार्यक्रम में लगभग एक हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है। प्रवेश सुबह सात बजे होगा। अंतिम प्रवेश 09:30 बजे तक होगा।
समारोह के दौरान 100 व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। जिन्होंने ओल चिकी लिपि और संथाली भाषा के प्रचार-प्रसार में योगदान दिया है। कुल 10 लोगों को राष्ट्रपति अपने हाथों से सम्मानित करेगी।



Post Comment