गुमला में आयोजित अंतर-राज्यीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह – कार्तिक जतरा में राष्ट्रपति ने लिया हिस्सा

गुमला | अंतर-राज्यीय जन सांस्कृतिक समागम समारोह – कार्तिक जतरा का आयोजन मंगलवार को गुमला में किया गया। इस अवसर पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्म, राज्यपाल संतोष गंगवार
इस मौके पर बोलते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जन्मभूमि और कर्मभूमि झारखंड आना उनके लिए तीर्थयात्रा जैसा है। हम सभी उन्हें सामाजिक न्याय और आदिवासी गौरव के महान प्रतीक के रूप में पूजते हैं। उन्होंने कहा कि पंखराज साहेब कार्तिक उरांव ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों के अनुसार आदिवासी चेतना और पहचान को मजबूत किया। कार्तिक उरांव जी ने अपना जीवन आदिवासी समुदाय और देश के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने शिक्षा के प्रसार और सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए काम किया। हमें उनके आदर्शों का पालन करते हुए समाज और देश के सर्वांगीण विकास के लिए काम करने का संकल्प लेना चाहिए।
राष्ट्रपति ने कहा कि युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को आदिवासी समुदायों की परंपराओं से जोड़ना बहुत ज़रूरी है। अपनी आदिवासी विरासत और पहचान को बनाए रखते हुए, हमारे युवाओं को आधुनिक विकास के रास्ते पर तेज़ी से आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि आदिवासी समुदायों के सभी सदस्य अपनी विरासत को बचाते हुए, तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ते रहेंगे।
स्व कार्तिक उरांव के योगदान को नमन : संतोष कुमार गंगवार
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने परमवीर चक्र विजेता शहीद लांस नायक अल्बर्ट एक्का और जनजातीय स्कॉलर कार्तिक उरांव को नमन करते हुए अलग-अलग प्रदेशों से आए संस्कृति प्रेमियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहीं हैं। खूंटी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बालिकाओं ने नीट और आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की है। पूर्वी सिंहभूम की पीएमश्री कस्तूरबा बालिका विद्यालय, पटमदा की बैंड टीम ने नई दिल्ली में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने स्व.कार्तिक उरांव को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने सामाजिक सुधार, शिक्षा और जनजातीय अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आई आदिवासी पारंपरिक नृत्य मंडलियों ने अपनी लोक कला और संस्कृति का प्रदर्शन किया। आयोजन स्थल पंखराज कार्तिक उरांव चौक बैरियर बगीचा, मांझाटोली में हुआ। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए थे। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए थे। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी गई। राष्ट्रपति के गुमला आगमन को लेकर महीनों से तैयारी चल रही थी।



Post Comment