खरसावां गोलीकांड : मुख्यमंत्री समेत अन्य ने दी श्रद्धांजलि
- 50 हजार से अधिक लोगों ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
- विभिन्न दलों और सामाजिक संगठनों ने लगभग 100 स्वागत द्वार बनाए

सरायकेला/खरसावां | खरसावां गोलीकांड के शहीदों को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री दीपक बिरुवा, सिंहभूम की सांसद जोबा मांझी, चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव, खरसावां के विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा, पूर्व डिप्टी सीएम सुदेश महतो समेत अन्य ने गुरुवार को श्रद्धांजलि देते हुए शहीद वेदी को नमन किया। इस दौरान आदिवासी अधिकारों की रक्षा और पेसा कानून की भावना को लागू करने की बात के साथ, शहीदों और आंदोलनकारियों की पहचान और उनके परिवारों को सम्मान देने की भी बात कही गयी।
शहीदों, आंदोलनकारियों और उनके परिवार की पहचान अब राज्य सरकार करेगी : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए बड़ा ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि खरसावां गोलीकांड में शामिल शहीदों, आंदोलनकारियों और उनके परिवारों की पहचान अब राज्य सरकार करेगी। इसके लिए एक समिति का गठन किया जाएगा, जो जल्द ही अपना कार्य शुरू करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन आंदोलनकारियों ने जल-जंगल-जमीन और आदिवासी अधिकारों के लिए अपने प्राणों की आहुति दी, उनकी पहचान कर उन्हें सम्मान देना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि खरसावां शहीद स्थल पर पूरे राज्य से लोग पहुंचते हैं और शहीद हुए आदिवासियों को नमन करते हैं। यह दिन हमेशा याद दिलाता है कि आजाद भारत में भी आदिवासियों पर गोलियां चली थीं और कई लोग शहीद हुए थे। शहीद परिवारों को सम्मानित करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।



Post Comment