परसुडीह अपहरण कांड का आरोपी सूरत से गिरफ्तार

जमशेदपुर | परसुडीह थाना पुलिस ने शादी के नियत से अपहरण के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। विगत शनिवार को परसुडीह पुलिस टीम ने गुजरात के सूरत शहर में कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिन शर्मा और अपहृता को बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद दोनों को विधिवत ट्रांजिट रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त एक एंड्रॉइड मोबाइल भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन शर्मा(24) के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता सूरत, गुजरात जबकि स्थायी पता मुरैना, मध्य प्रदेश बताया जा रहा है।
इस पूरे ऑपरेशन को परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, पुलिस टीम में पु०अ०नि० रितेश कुमार, आरक्षी सुधीर कुमार और महिला आरक्षी रानी पूर्ती शामिल है।
यह है मामला
मामला पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र का है, जहां हरहरगुटू पश्चिम किताडीह निवासी सिद्धिनन्द प्रसाद ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि उनकी बेटी को शादी के नियत से भगाकर ले जाया गया है। इस संबंध में परसुडीह थाना में कांड संख्या 39/25, दिनांक 5 अप्रैल 2025 को धारा 87 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लगातार जांच और छापेमारी शुरू की।



Post Comment