जेल के आधे चापाकल खराब, जल्द मरम्मत करने का निर्देश

अधिकारियों के साथ बैठक करते उपायुक्त व अन्य

जमशेदपुर | समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में कारा सुरक्षा से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्रीय कारा घाघीडीह, मंडल कारा साकची एवं उपकारा घाटशिला की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था, आधारभूत संरचना और संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई। बैठक में केंद्रीय कारा घाघीडीह में पेयजल की समस्या तथा कैदी वार्ड का जीर्णोद्धार, एमजीएम में कैदी वार्ड निर्माण की प्रगति तथा जेल परिसर की सुरक्षा आदि विषयों पर समीक्षा की गई।

जेलर के द्वारा जानकारी दी गई कि टैंकर के माध्यम से जलापूर्ति की जरूरत पड़ती है, लगभग आधे चापाकल खराब अथवा सुख चुके है। उपायुक्त ने खराब पड़े चापाकलों की मरम्मति हेतु त्वरित कार्रवाई करने तथा पेयजल की समस्या के दीर्घकालीन समाधान हेतु रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली का प्राक्कलन प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। जेल परिसर की सुरक्षा हेतु वॉच टावर में जैप फोर्स की तैनाती मामले में पुलिस अधीक्षक को जैप मुख्यालय से पात्राचार कर फोर्स मांगने के लिए निर्देश दिया। एमजीएम अस्पताल डिमना में कैदी वार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए सुरक्षा मानको के अनुरूप बिल्डिंग कॉर्पोरेशन से समन्वय कर निर्माण कराने का निर्देश दिया।

केंद्रीय कारा के मरम्मती के लिए जल्द होगा प्राक्कलन तैयार

केंद्रीय कारा घाघीडीह में सभी बंदी कक्ष, कारा अस्पताल और अन्य संरचनाओं की मरम्मति हेतु प्राकलन तैयार करने, तकनीकी स्वीकृति, स्वीकृत योजना पर जल्द काम कराते हुए कारा परिसरों की संरचनात्मक स्थिति सुदृढ़ कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जेलों की सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वॉच टावरों के माध्यम से निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग, औचक निरीक्षण और समन्वयात्मक कार्यप्रणाली पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता कैदियों की सुरक्षा और कारा परिसरों की व्यवस्था को मजबूत करना है।

ये थे उपस्थित

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पाण्डेय, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, एडीएम एसओआर राहूल, आनंद समेत सभी पुलिस उपाधीक्षक, जेलर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Post Comment

You May Have Missed