गैंगस्टर मनीष सिंह को पकड़ने में नाकाम जुगसलाई थाना प्रभारी सस्पेंड

जमशेदपुर | जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक(एसएसपी) ने डीआईजी के आदेश पर सोमवार को जुगसलाई थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार को सस्पेंड कर दिया है। उसकी जगह पटमदा सर्किल इंस्पेक्टर गुलाम रब्बानी खान को जुगसलाई थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। सस्पेंशन ऑर्डर में बताया गया है कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई है कि गैंगस्टर मनीष सिंह पर जुगसलाई थाना क्षेत्र के कुछ कारोबारियों और ठेकेदारों को डरा धमकाकर रंगदारी मांग रहा है। उन व्यापारियों ने इसकी सूचना थाना प्रभारी को दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि मनीष सिंह की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कई ठिकानों पर छापेमारी की पर वह पकड़ा नहीं गया।
रात नौ बजे चार्ज लेते ही इंस्पेक्टर गुलाम रब्बानी जुगसलाई क्षेत्र के भ्रमण पर निकले। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और व्यवस्था कायम करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने होली की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से अपील है कि शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व-त्यौहार मनाएं जाएं ताकि उसका आनंद दुगुना हो जाए।



Post Comment