6 अक्टूबर को “पर्यावरण जागरूकता साइकिल यात्रा” के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश

हजारीबाग | झारखंड के प्रसिद्ध दूधमटिया वन महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 7 अक्टूबर को टाटीझरिया के दूधमटिया में आयोजित होने वाले वन महोत्सव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में पूर्वी वन प्रमंडल हजारीबाग के डीएफओ विकास कुमार उज्जवल ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी वन महोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया जाएगा। कार्यक्रम के एक दिन पूर्व यानी 6 अक्टूबर को “पर्यावरण जागरूकता साइकिल यात्रा” रैली का आयोजन किया जाएगा, जो कनहरी से (दुधमटीया) टाटीझरिया तक निकाली जाएगी। इस रैली का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना तथा अधिक से अधिक लोगों को वन महोत्सव से जोड़ना है।
1995 से चला आ रहा वन महोत्सव
यह वन महोत्सव 1995 से निरंतर जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा के संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर पेड़ों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा का प्रण लेते हैं। दूधमटिया पहुंचने पर वन्य प्राणी सुरक्षा समिति के सदस्यों द्वारा पर्यावरण प्रहरियों का स्वागत किया जाएगा।

Post Comment