विधायक और डीडीसी ने किया अबुआ आवास का सामूहिक गृह प्रवेश

लाभुकों को घर की चाभी सौंपते विधायक समीर मोहंती व अन्य

जमशेदपुर | चाकुलिया नगर पंचायत के नया बाजार स्थित केदारनाथ झुनझुनवाला उच्च विद्यालय परिसर में अबुआ आवास योजना के लाभुकों का सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 14 लाभुकों को उनके नव निर्मित आवासो की चाबी एवं उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती एवं उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि अबुआ आवास योजना राज्य सरकार की एक जनहितकारी पहल है, जो समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराकर उन्हें सशक्त बना रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार आमजनो के समग्र विकास हेतु कई योजनाएं चला रही है, जिनमें मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले योजना, फुलो झानो आशीर्वाद योजना आदि हैं। साथ ही राज्य सरकार 200 यूनिट तक निःशुल्क बिजली भी उपलब्ध करा रही है।

कार्यक्रम के दौरान लाभुकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार की योजनाओं के प्रति आभार जताया और आश्वासन दिया कि वे समय पर निर्माण कार्य पूर्ण करेंगे। इस मौके पर प्रखंड प्रमुख भुवनेश्वर करुणामय, बीडीओ आरती मुंडा स्थानीय जनप्रतिनिधि, लाभुक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Post Comment

You May Have Missed