जमशेदपुर से पकड़ाए मोहन गुप्ता को छत्तीसगढ़ पुलिस ने भेजा जेल
- झारखंड में मोहन गुप्ता पर अवैध शराब के दर्जनों मामले दर्ज

कबीरधाम | हाल ही में पौड़ी में पकड़ाए नकली शराब निर्माण और सप्लाई के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करने के बाद कबीरधाम पुलिस ने इस गिरोह के सरगना हारहरगुट्टू, जगदीशपुर रोड जमशेदपुर थाना बागबेड़ा जिला पूर्वी सिंहभूम झारखंड निवासी मोहन प्रसाद गुप्ता (67) और उसके एक साथी न्यू सीतारामडेरा 67ए थाना सीतारामडेरा जमशेदपुर जिला पूर्वी सिंहभूम झारखंड निवासी राकेश कोहली (39) को 28 नवंबर को जमशेदपुर में छापेमारी कर पकड़कर छत्तीसगढ़ लेकर आई। पूछताछ के बाद रविवार को पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।
फर्नीचर पॉलिश की आड़ में सप्लाई
पूछताछ में मोहन गुप्ता ने बताया कि वाह फर्नीचर पॉलिश व्यवसाय की आड़ में कोलकाता के होलसेल केमिकल डीलरो से बड़े पैमाने पर स्प्रीट मंगवाता था और झारखंड, उड़ीसा, बंगाल, बिहार और छत्तीसगढ़ के अवैध शराब नेटवर्कों को सप्लाई करता था। इसी लिंक के जरिय वह कबीरधाम जिले के पौड़ी क्षेत्र में पकड़ाए गए आरोपी नन्द कुमार और साजिद के गिरोह को लंबे समय से स्प्रिट बेच रहा था।
जमशेदपुर आबकारी में है पैठ
जमशेदपुर में दर्जनों मामले दर्ज होने के बावजूद मोहन प्रसाद गुप्ता आज तक जमशेदपुर पुलिस या आबकारी विभाग के हत्थे नहीं चढ़ा। सूत्रों के मुताबिक जमशेदपुर और उसके आसपास के जिले के आबकारी विभाग में उसके एक परिचित की अच्छी पैठ है। आबकारी विभाग के अफसरों की जीहुजूरी कर क्षेत्र और विभाग की गतिविधियों की भी जानकारी लेता रहता है। बागबेड़ा क्षेत्र में कुछ लाइसेंसी दुकान खोलने की भी लाइजनिंग किया करता है, जिसमें अपने नकली शराब को बेच सके। मिली जानकारी के अनुसार मोहन गुप्ता ने अपने घर में किराए पर भी लाइसेंसी शराब दुकान दिया हुआ है।



Post Comment