पंचायत प्रतिनिधि ने पीएचईडी को सौंपा मांग पत्र

जमशेदपुर | बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में पिछले दिनों जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और उप मुखिया संतोष ठाकुर ने शुक्रवार को पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार से मुलाकात की। इस दौरान दोनों प्रतिनिधियों ने विभाग को एक मांग पत्र सौंपते हुए कहा कि जलापूर्ति योजना के अंतर्गत किसी भी प्रकार के तकनीकि कार्य या मेंटेनेंस के दौरान कॉलोनी में पानी की आपूर्ति बाधित न हो।
बैठक में कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार के साथ सहायक अभियंता महेंद्र बैठा भी उपस्थित रहे। वार्ता के दौरान यह संयुक्त सहमति बनी कि बिष्टुपुर स्थित फ़िल्टर पंप हाउस से बागबेड़ा कॉलोनी पंप हाउस को जोड़ने वाली मुख्य पाइपलाइन का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप चलता रहेगा। इस प्रक्रिया में जलापूर्ति सामान्य रखी जाएगी ताकि स्थानीय परिवारों को पीने के पानी की समस्या न झेलनी पड़े।
पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने कहा कि पानी जीवन से जुड़ा बुनियादी विषय है, इसलिए आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह की पहल पर जुस्को का शुद्ध पेयजल निजी टैंकरों के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा।



Post Comment