2 अक्टूबर तक चलेगा “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान

लातेहार | “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” एवं “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के सफल संचालन हेतु मंगलवार को समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद ने की। अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक जिले के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों से लेकर जिला अस्पताल तक चलाया जाने, पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से अभियान की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा किया गया। आगामी 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान का मुख्य फोकस मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग और टीबी उन्मूलन पर रहेगा। इन गतिविधियों के माध्यम से आम जनों को व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने तथा स्वास्थ्य शिविरों में मरीजों की समुचित स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। सिविल सर्जन ने अभियान से संबंधित बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, टीकाकरण की समीक्षा, किशोरियों में एनीमिया की स्क्रीनिंग एवं उपचार के साथ-साथ पोषण, आहार और मासिक धर्म स्वच्छता पर जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे।
बैठक में सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, डीपीएम जेएसएलपीएस , वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।



Post Comment