सड़क सुरक्षा टीम ने चलाया जांच अभियान, लगभग 98 हजार जुर्माना वसूला गया

जमशेदपुर | उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार जिला परिवहन विभाग की सड़क सुरक्षा टीम ने मंगलवार को गालूडीह, डिमना चौक और नेशनल हाईवे के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जांच अभियान के दौरान टीम ने मुख्य रूप से बस, मैजिक वैन में ओवर लोडिंग की सघन जांच की। वैन और बसों में क्षमता से अधिक सवारियों को बैठाने (ओवरलोडिंग) पर जुर्माना लगाया। अभियान के दौरान नेशनल हाईवे पर 80 से अधिक वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस दौरान ओवर लोडिंग करने वाले दो बसों, तीन मैजिक वैन पर जुर्माना लगाते हुए कुल 98 हजार 600 रुपये जुर्माना वसूला गया। जिला मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) सूरज हेंब्रम के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया गया।
आगे भी जांच अभियान जारी रहेगा, अक्सर देखा जाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सड़क सुरक्षा नियमों की भारी अनदेखी करते हैं, जिससे जानमाल की क्षति होती है। जिला प्रशासन का उद्देश्य जुर्माने से अधिक लोगों को जागरूक करना और सड़कों को सुरक्षित बनाना है। यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर यह जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
सूरज हेंब्रम, जिला मोटरयान निरीक्षक।



Post Comment