परिवहन पदाधिकारी ने की ऑटो चालकों के साथ बैठक

लोहरदगा | जिला परिवहन पदाधिकारी जय सांखी मुर्मू की अध्यक्षता में ऑटो चालकों की बैठक जिला परिवहन कार्यालय में आयोजित की गई। इस बैठक में परिवहन पदाधिकारी लोहरदगा द्वारा सभी ऑटो चालकों को 10 दिनों के अंदर ड्रेस कोड में ऑटो चलाने का निर्देश दिया गया। जिसमें ऑटो चालकों को खाकी एवं टोटो चालकों को नीला ड्रेस पहनना अनिवार्य होगा। वाहन से संबंधित सभी कागजात अद्यतन करते हुए सभी मूल कागजात जैसे ड्राइविंग लाइसेंस वाहन में रखना सुनिश्चित करने, विद्यालय के बच्चों को क्षमता से अधिक ऑटो में नहीं बैठाने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टिकोण से ऑटो के दाहिने तरफ स्थाई रॉड लगवाने, सभी भीड़भाड़ इलाके जैसे मैना बगीचा, पावरगंज चौक, रेलवे साइडिंग, ललित नारायण स्टेडियम, बरवाटोली, महिला कॉलेज इत्यादि जगहों पर अन्यथा वाहन खड़ा नहीं करने को कहा गया।
ऑटो स्टैंड नहीं रहने पर पार्किंग की समस्या
बैठक में वाहन चालकों के द्वारा प्रस्ताव दिया गया कि ऑटो स्टैंड नहीं रहने के कारण ऑटो पार्किंग करने में कठिनाइयां हो रही है। जिसपर पदाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। आज की बैठक में ऑटो संघ के अध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में ऑटो चालक उपस्थित थे।



Post Comment