प्रेमी ने ज्योतिका की हत्या के बाद कर ली खुदकुशी

जमशेदपुर | पोटका थाना अंतर्गत बड़ा सिदगी मुख्य सड़क पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खून से लथपथ एक महिला चौकीदार का शव पड़ा मिला। मृतका की पहचान पोटका थाना में पदस्थापित चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम(25) के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर चाकू मारकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पोटका थाना पुलिस के साथ डीएसपी, बीडीओ और सीओ भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि घटना दोपहर 12 से 1 बजे के बीच की है। जिस स्थान पर शव मिला, वहीं मृतका की स्कूटी भी खड़ी पाई गई। मृत चौकीदार के परिजनों ने आरोप लगाया है कि ज्योतिका हेंब्रम की चाकू मारकर हत्या की गई है।
आत्महत्या के पहले प्रेमी ने जारी किया वीडियो
इधर, मामले में एक और सनसनीखेज खुलासा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, महिला चौकीदार की हत्या करने वाला प्रेमी गणेश माझी बताया जा रहा है। आरोप है कि गणेश माझी ने गला रेतकर ज्योतिका हेंब्रम की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले गणेश माझी ने एक वीडियो जारी किया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में उसने पोटका थाना प्रभारी पर महिला के साथ संबंध होने के आरोप लगाए हैं।
मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो समेत सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
कुमार शिवाशीष, नगर पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम।



Post Comment