12° में खुले आसमान के नीचे ठिठुर रहा 13 सदस्यों का परिवार, कोर्ट के ऑर्डर पर घर सील

जमशेदपुर | बागबेड़ा थाना अंतर्गत रानीडीह घनसाटोला में कोर्ट के ऑर्डर पर एक मकान को सील कर दिया गया, जिसके बाद दुबई सोरेन के 13 सदस्यों का परिवार बेघर हो गया और 12° के कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे ठिठुरने पर मजबूर है। जानकारी देते हुए घर की सदस्य सुमी सोरेन ने बताया कि वर्षों पहले पिता दुबई सोरेन ने गांववालों और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में मकान को गोविंद मांझी के पिता से खरीदा था। कोर्ट से किसी तरह की कोई सूचना और इश्तहार अथवा ग्राम प्रधान को कोई सूचना नहीं थी, इसके बावजूद घर को जबरन सील कर दिया गया। पेशे से दुबई सोरेन ठेका मजदूर है।
4 घंटे लगे घर खाली करने में
जानकारी देते हुए सुमी सोरेन ने बताया कि कोर्ट के अधिकारी सुबह लगभग 11:30 बजे घर पर पहुंचे और आदेश कॉपी दिखाते हुए घर को सील करने को कहा, काफी विनती करने पर भी वो नहीं माने। जिसके बाद सभी परिवार के सदस्यों ने मिलकर सामान निकाला। एक बुजुर्ग और 3 छोटे-छोटे बच्चों को लेकर खुले आसमान के नीचे ठंड में ठिठुरने पर मजबूर है।
परिवार के ये लोग हुए बेघर
बीजों सोरेन (90), दुबई सोरेन (60), फूलों सोरेन (57), आनंद सोरेन (30), सागेन सोरेन (24), सालखान सोरेन (22), बीजों सोरेन (23), सुमी सोरेन (21), दुली सोरेन (25), बहमाई सोरेन (23), फूलों सोरेन (06), फूलों सोरेन (3.5), रहमत सोरेन (1.5) ठंड में ठिठुरने को मजबूर है।



Post Comment