अखिल भारतीय न्यायाधीश बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का शुभारंभ, समापन कल

  • 03-04 जनवरी 2026 तक खेलगांव स्थित ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम में आयोजित की गई है प्रतियोगिता।
  • देश के 09 विभिन्न उच्च न्यायालयों के 31 न्यायाधीश प्रतियोगिता में ले रहे हैं हिस्सा।
  • मेन सिंगल्स, मेन डबल्स, वूमेन सिंगल्स एवं मिक्स्ड डबल्स कुल चार श्रेणियों में होंगे मुकाबले।
उपायुक्त को सम्मानित करते न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय।

रांची | उच्च न्यायालय, झारखंड के तत्वावधान में आयोजित दूसरा अखिल भारतीय न्यायाधीश बैडमिंटन टूर्नामेंट 2026 का शनिवार को  विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि झारखण्ड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान, न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय, न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी एवं भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान निक्की प्रधान ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि झारखण्ड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान ने कहा कि खेल न केवल स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और आपसी सहयोग को भी सुदृढ़ करते हैं। ऐसे आयोजन न्यायपालिका के सदस्यों को अपने दायित्वों के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं।

राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित बैडमिंटन प्रतियोगिता 03 से 04 जनवरी 2026 तक झारखंड की राजधानी रांची स्थित खेलगांव परिसर के ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की गई है। जिसमें देश के 09 विभिन्न उच्च न्यायालयों झारखण्ड, इलाहाबाद, मद्रास, तेलंगाना, उड़ीसा, बॉम्बे, ओडिशा, राजस्थान, केरल एवं कर्नाटक से आए 31 न्यायाधीश भाग ले रहे हैं। टूर्नामेंट का उद्देश्य न्यायपालिका से जुड़े पदाधिकारियों के बीच खेल भावना, आपसी सौहार्द, शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना है। उच्च न्यायालय द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए खेलगांव परिसर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, खिलाड़ियों के लिए विश्राम स्थल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

Post Comment

You May Have Missed