यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने की बैठक

जमशेदपुर | उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में यातायात एवं सड़क सुरक्षा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय, सड़क सुरक्षा नियमों के सख्ती से अनुपालन के साथ-साथ हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान एवं अन्य संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की गई।
दिसंबर में 34 सड़क दुर्घटनाओं में 20 लोगों की मृत्य
समीक्षा के क्रम में यह बात सामने आई कि पूर्व से चिन्हित ब्लैक स्पॉट में दिसंबर माह में कोई सड़क दुर्घटना नहीं हुई, लेकिन गत माह के सड़क दुर्घटनाओं में ज्यादातार मौतें चालकों की लापरवाही से हुई। दिसंबर में हुई 34 सड़क दुर्घटनाओं में 20 लोगों की मृत्यु हुई जिनमें 16 लोगों की मौत बाइक चलाने के दौरान हेल्मेट का प्रयोग नहीं करने के कारण हुआ। वहीं कुछ मौतों में गलत दिशा में वाहन चलाने, वाहनों की तेज गति तथा ड्रिक एंड ड्राइव भी कारण बने। उपायुक्त द्वारा सड़क सुरक्षा माह अंतर्गत चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को और व्यापक स्तर पर ले जाने पर बल दिया गया। विशेषकर स्कूल-कॉलेज के बच्चों के बीच जागरूकता लाने तथा ट्रैफिक पुलिस को सघन जांच के निर्देश दिए। एमवीआई को ग्रामीण क्षेत्र के थाना क्षेत्रों में भी निरंतर यातायात नियमों के अनुपालन हेतु वाहन जांच अभियान चलाये जाने का निर्देश दिया गया।
गैर लाइसेंसी स्थलों में शराब का सेवन और बिक्री नहीं होने की निगरानी के लिए उत्पाद विभाग को निर्देश
उत्पाद विभाग के पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि अनुज्ञप्ति प्रदत्त शराब दुकानों के आसपास होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थलों एवं गैर लाइसेंसी स्थलों में शराब का सेवन और बिक्री नहीं हो इसपर निरंतर निगरानी बनाए रखेंगे। उपायुक्त द्वारा हिट एंड रन के लंबित मामलों में इंश्योरेंस कंपनी के पास लंबित मामलों की पुनर्समीक्षा कर प्रभावित परिवारों को मुआवजा भुगतान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
351 ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड, 23 लाख रू से ज्यादा जुर्माना वसूला गया
दिसंबर माह में सड़क सुरक्षा नियमों की अवहेलना पर 351 वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किया गया। वाहन जांच अभियान में हेल्मेट, सीटबेल्ट का प्रयोग नहीं करने तथा यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित अन्य मामलों में 23 लाख 81 हजार 500 रू. जुर्माना वसूला गया। 2689 नए ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए जिनमें 2264 पुरूष एवं 425 महिलाएं शामिल हैं।
ये थे उपस्थित
बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद, एडीसी संतोष गर्ग, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र, डीएसपी ट्रैफिक नीरज, डीएसपी हेडक्वार्टर भोला प्रसाद व अन्य डीएसपी, एमवीआई सूरज हेंब्रम समेत अन्य संबंधित विभागीय पदाधिकारी, ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



Post Comment