बोकारो में 433 पेटी अवैध शराब के साथ तीन गिरफ्तार

छापेमारी टीम के साथ पकड़ाए आरोपी और जब्त सामान व अन्य

बोकारो | बोकारो पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को जरीडीह थाना क्षेत्र से तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 433 पेटी अवैध विदेशी शराब (करीब 4000 लीटर), एक ट्रक, एक टेम्पू, एक पिकअप वाहन, एक क्रेटा कार और 8 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई जरीडीह थाना अंतर्गत शुगर एंड स्पाईस होटल के पास स्थित गली में की गई, जहां से शराब की खरीद-बिक्री और सप्लाई का अवैध नेटवर्क संचालित किया जा रहा था।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीडीह की ओर से एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लाया जा रहा है, जिसे छोटे-छोटे वाहनों के माध्यम से विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाएगा। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया। छापेमारी दल ने जैनामोड़ फोरलेन चौक से आगे एक होटल के पास गली में दबिश दी, जहां अवैध शराब से लदा ट्रक और अन्य वाहन पकड़े गए। मौके से भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ नकदी भी बरामद की गई।

ये हुए गिरफ्तार

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कुलेश्वर मरांडी, विनोद गोस्वामी (स्वामी) और दीपक पांडेय के रूप में हुई है। तीनों अभियुक्त बालीडीह क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान तीनों ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विनोद गोस्वामी का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उसके खिलाफ पहले भी एक्साइज विभाग से जुड़े दो मामले दर्ज हैं।

Post Comment

You May Have Missed