बारीडीह छठ घाट पर 24 मार्च को बनारस की तर्ज़ पर होगा भव्य गंगा आरती

जमशेदपुर | बारीडीह बस्ती स्थित निराला पथ छठ घाट पर इस वर्ष लोक आस्था का महापर्व चैती छठ श्रद्धा और भक्ति के साथ विशेष रूप से मनाया जाएगा। छत्रपति शिवाजी महाराज ब्याज क्लब के तत्वावधान में 24 मार्च को संध्या अर्घ के बाद छठ घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। उक्त जानकारी क्लब के संरक्षक आनन्द विहार दुबे ने रविवार को आयोजित संवादाता सम्मेलन में पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि गंगा आरती के लिए विशेष रूप से वाराणसी (बनारस) से अनुभवी पुरोहितों को आमंत्रित किया गया है, जो पारंपरिक विधि-विधान के साथ आरती संपन्न कराएंगे। इससे स्थानीय श्रद्धालुओं को काशी जैसी दिव्य अनुभूति प्राप्त होगी। इस अवसर पर संध्या अर्घ के बाद आयोजित गंगा आरती कार्यक्रम न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करेगा, बल्कि क्षेत्र में सांस्कृतिक वातावरण को भी समृद्ध बनाएगा।
आनन्द विहार दुबे ने बताया कि आयोजन के दौरान घाट की विशेष सजावट, आकर्षक रोशनी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए स्वयंसेवकों की टीम तैनात की जाएगी। क्लब के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार तैयारी में जुटे हुए हैं। प्रेस वार्ता में क्लब के सदस्य सुमित कुमार, सूरज कुमार, रवि और सुमित उपस्थित थे।



Post Comment