उद्योग मंत्री ने झारक्राफ्ट के नए इम्पोरियम का किया उद्घाटन

उद्घाटन समारोह में उपस्थित उद्योग मंत्री, उपायुक्त व अन्य।

जमशेदपुर | झारखण्ड सरकार के उद्योग विभाग के अधीन कार्यरत झारक्राफ्ट के बिस्टुपुर स्थित नए इम्पोरियम का उद्घाटन सोमवार को उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया।  इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन, झारक्राफ्ट की प्रबंध निदेशक गरिमा सिंह समेत जिला प्रशासन एवं झारक्राफ्ट के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि झारखण्ड अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, हस्तशिल्प, हथकरघा कला एवं प्राकृतिक सौंदर्य के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखता है। राज्य के कारीगरों की मेहनत, सृजनशीलता एवं पारंपरिक कला केवल उत्पाद नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में नए इम्पोरियम की स्थापना केवल एक व्यापारिक केन्द्र का उद्घाटन नहीं, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री ने कहा कि झारक्राफ्ट ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संस्था को इस मुकाम तक पहुँचाने में 25 हजार से अधिक बुनकरों, 120 प्राथमिक बुनकर सहयोग समितियों/स्वयं सहायता समूहों एवं 220 कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वर्तमान में झारक्राफ्ट के इम्पोरियम राँची, धनबाद, देवघर सहित देश के विभिन्न महानगरों जैसे बेंगलुरु, कोलकाता, दिल्ली एवं मुंबई में संचालित हैं। पूरे देश में झारक्राफ्ट के 14 इम्पोरियम हथकरघा, हस्तशिल्प एवं सिल्क उत्पादों को नई पहचान दिला रहे हैं। उन्होंने कारीगरों, डिजाइनरों एवं झारक्राफ्ट से जुड़े सभी पदाधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास, विपणन एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा आगे भी हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

Previous post

आर. डी. टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर के चार प्रशिक्षुओं का क्राफ्ट्समैन ऑटोमेशन लिमिटेड में चयन

Next post

उपायुक्त की अध्यक्षता में दर्जनों विभाग की समीक्षा, बरसात से पूर्व योजनाओं को पूरा करने का निर्देश

Post Comment

You May Have Missed