6 जून को जिला समाहरणालय परिसर में होगा आम महोत्सव सह बागवानी मेला

  • उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आम उत्पादों के विपणन एवं आम महोत्सव सह बागवानी मेला के आयोजन को लेकर हुई बैठक
आम महोत्सव को लेकर बैठक करते डीडीसी

जमशेदपुर | समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान की अध्यक्षता में मनरेगा अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित आम फलों के विपणन एवं आम महोत्सव सह बागवानी मेला के सफल आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बिरसा हरित ग्राम योजना के लाभुक किसानों द्वारा उत्पादित आम फलों के बेहतर विपणन एवं उचित मूल्य सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कैनोपी, अपना मार्ट एवं अन्य रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से किसानों द्वारा उत्पादित आम फलों की बिक्री सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सके। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को समन्वित प्रयास करते हुए विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया।

बैठक में दिनांक 06 जून को जिला समाहरणालय परिसर में आम महोत्सव सह बागवानी मेला आयोजित करने का निर्णय लिया गया। उप विकास आयुक्त ने कहा कि यह आयोजन जिले के आम उत्पादक किसानों, स्वयं सहायता समूहों, एफपीओ तथा बागवानी क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। मेले के माध्यम से आम उत्पादों के प्रदर्शन, बिक्री तथा विपणन को बढ़ावा दिया जाएगा।

आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने हेतु सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं जिला प्रबंधक (जीविकोपार्जन) जेएसएलपीएस, सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), सभी प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (जेएसएलपीएस) सहित संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

Post Comment

You May Have Missed