अबुआ आवास योजना : गरीब परिवारों का ‘पक्के घर’ का सपना हुआ साकार

जमशेदपुर | पोटका प्रखंड अंतर्गत हल्दीपोखर पश्चिम ग्राम पंचायत में अबुआ आवास योजना के तहत निर्मित आवासों का गृह प्रवेश कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया गया । इस अवसर पर पोटका विधायक संजीव सरदार एवं उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान द्वारा 40 लाभुकों को प्रतीकात्मक रूप से उनके नए आवासों की चाबियां एवं उपहार भेंट किया गया। इस पहल का उद्देश्य ज़रूरतमंद एवं पात्र परिवारों को सम्मानजनक आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना तथा उनके जीवन स्तर में गुणात्मक सुधार लाना है।
नए घर की चाबी पाकर लाभुकों के चेहरों पर हर्ष और संतोष की झलक स्पष्ट दिखाई दी। लाभुकों ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब उन्हें एक पक्का, सुरक्षित और सम्मानजनक घर मिला है, जो उनके लिए एक सपने के साकार होने जैसा है। जिला प्रशासन, पूर्वी सिंहभूम इस प्रकार के कार्यों को निरंतर गति प्रदान करते हुए जिले के प्रत्येक पात्र परिवार को पक्के आवास की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में अंचलाधिकारी निकिता बाला, पंचायत समिति सदस्य, ग्राम प्रधान, एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
अबुआ आवास योजना मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जो राज्य के गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को सम्मान के साथ रहने का अधिकार दे रही है। यह योजना केवल पक्के मकान देने की नहीं, बल्कि एक गरिमामय जीवन की नींव रखने की योजना है। आज जिन परिवारों को घर मिला है, वे ज़रूरतमंद हैं और उन्हें सुरक्षित छत मिलना हम सबकी सामूहिक ज़िम्मेदारी भी है । संजीव सरदार, विधायक पोटका।



Post Comment