खबर करने गए पत्रकारों को पुलिस ने हाजत में डाला, विरोध
- इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली और पत्रकारों के सुरक्षा पर खड़े किए सवाल।

जमशेदपुर | उलीडीह थाना क्षेत्र में खबर करने पहुंचे पत्रकार आकाश कुमार और अभिषेक सिन्हा के साथ पुलिस पदाधिकारी ने अभद्रता करते हुए हाजत में डाल दिया। जानकारी के मुताबिक दोनों पत्रकार किसी खबर को करने उलीडीह थाना पहुंचे थे इस दौरान एएसआई मुकेश दुबे ने दोनों के साथ अभद्रता करते हुए गाली गलौज की। जब इसका विरोध आकाश और अभिषेक ने किया तो दोनों के साथ मारपीट की और हाजत में डाल दिया।
सूचना मिलने पर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के सचिव विकाश श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या मेंं पत्रकार मौके पर पहुंचे और जमकर विरोध किया। जानकारी देते हुए विकाश श्रीवास्तव ने बताया कि इसकी सूचना जिले के कप्तान पीयूष पांडेय को दे दी गई है। विकाश श्रीवास्तव ने चेतावनी दी है कि अगर इस मामले पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो इसका जमकर विरोध किया जाएगा। दोनों पीड़ित पत्रकारों ने इसकी लिखित शिकायत भी की है। इस घटना ने ना सिर्फ पुलिस की कार्यशैली बल्कि पत्रकारों के सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए है।



Post Comment