प्रतिशोध सप्ताह के चौथे दिन : सारंडा जंगल में एयरटेल टावर को माओवादियों ने फूंका

माओवादियों द्वारा जलाया गया टावर का जनरेटर।

चाईबासा | झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में माओवादियों का आतंक एक बार फिर सिर उठाने लगा है। बताया जा रहा है कि 8 से 14 अक्टूबर तक चल रहे प्रतिशोध सप्ताह के दौरान माओवादियों ने शनिवार की रात जराईकेला थाना क्षेत्र के कोलभोंगा गांव में स्थित एयरटेल कंपनी के मोबाइल टावर को फूंक दिया। माना जा रहा है कि इस हमले का उद्देश्य सुरक्षा बलों के संचार तंत्र को बाधित करना था, ताकि उनकी गतिविधियों की जानकारी बाहर न जा सके।

जानकारी के मुताबिक करीब 20 की संख्या में हथियारबंद माओवादी टावर परिसर की घेराबंदी तोड़कर नीचे लगे जेनसेट व कंट्रोल यूनिट में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ ही देर में पूरा उपकरण जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक, टावर को आग के हवाले करने के बाद माओवादियों ने मौके पर नारेबाजी भी की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है।

Post Comment

You May Have Missed