जुगसलाई कपड़ा दुकान फायरिंग मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर | जुगसलाई थाना क्षेत्र में विगत दिनों कपड़ा दुकान में हुए फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना का मुख्य आरोपी सनी सिंह सरदार एवं उसका साथी सागर उपाध्याय को पुलिस ने गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। उक्त जानकारी मंगलवार को एसएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का पूर्व में भी कई आपराधिक इतिहास रहा है।
मुख्य शूटर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब गैंग के बाकी सदस्यों, हथियार सप्लायर और फंडिंग नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुट गई है। लगातार बढ़ती रंगदारी और गैंगवार की घटनाओं के बीच पुलिस इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मान रही है।

यह था मामला
व्यवसायी से रंगदारी मांगने, डराने और इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से 15 मई को जुगसलाई नगरपालिका स्थिति यूनिक कलेक्शन में देर शाम गोली चलाई गई थी, जिसके बाद इलाके और व्यवसायी वर्ग में दहसत का माहौल था। इस क्रम में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 मई को अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल सिंह उर्फ बड़कू, हरप्रीत सिंह भमराह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, बाणेश्वर नामता उर्फ मनसा और अंकित खटीक उर्फ अंकित सोनकर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने इनके पास से चार देसी पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस, 3 मैगजीन, 1 खोखा, 6 मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई लाल रंग की वैगनर कार बरामद की थी।



Post Comment