ईवीएम वेयर हाउस का उपायुक्त ने किया निरीक्षण

जमशेदपुर | जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत किताडीह स्थित ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, रख-रखाव एवं उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयर हाउस में स्थापित सुरक्षा मानकों, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन व्यवस्था तथा प्रवेश-निकास पंजी संधारण की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। निरीक्षण राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रतिनिधियों को वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था एवं ईवीएम रख-रखाव संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ईवीएम वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने हेतु ईवीएम की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के क्रम में वेयर हाउस परिसर की साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। उपायुक्त ने नियमित अंतराल पर सुरक्षा उपकरणों की जांच करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मौके पर उप निर्वाचन पदाधिकारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों से कमलेश कुमार, चंचल चक्रवर्ती, ललन यादव आदि उपस्थित थे।



Post Comment