अवैध खनन एवं भंडारण के विरुद्ध सिसई में जिला खनन टास्क फोर्स की कार्रवाई, भंडारित बालू जप्त

गुमला | उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को सिसई अनुमण्डल क्षेत्र के अंतर्गत उत्तरी बरगांव पंचायत में जिला खनन टास्क फोर्स की टीम द्वारा औचक जांच एवं छापामारी अभियान चलाया गया। जांच के क्रम में लगभग 6000 घनफीट बालू अवैध रूप से भंडारित पाया गया।
स्थानीय जांच के दौरान यह जानकारी प्राप्त हुई कि मुन्ना सोनी तथा अन्य व्यक्तियों द्वारा बिना अनुज्ञप्ति के अवैध रूप से बालू उत्खनन कर उसका भंडारण एवं व्यापार किया जा रहा था। उक्त स्थल पर किसी भी व्यक्ति के पास वैध भंडारण अनुज्ञप्ति नहीं पाई गई। जिसके बाद टीम द्वारा मौके पर मौजूद अवैध भंडारित बालू को जप्त कर विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ की गई।
इस प्रकरण में संलिप्त व्यक्तियों – मुन्ना सोनी, बिरिया उरांव एवं शंकर टाना भगत सहित अन्य के विरुद्ध संबंधित अधिनियमों के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई प्रारंभ करने हेतु निर्देश दिए गए हैं।



Post Comment