उपायुक्त कार्यालय में जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन

अधिकारी के पास अपनी समस्या रखते लोग।

जमशेदपुर | उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार मंगलवार को समाहरणालय में जनशिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया । इस मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों को सुना तथा प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई हेतु पदाधिकारियों को निर्देशित किया । इस दौरान नागरिको द्वारा जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान विभिन्न प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रमुख रूप से थैलेसीमिया पीड़ित बच्चे के उपचार हेतु आर्थिक सहयोग की मांग, निजी विद्यालयों में बीपीएल कोटा के अंतर्गत नामांकन, गांवों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की अपील, सामाजिक बहिष्कार से संबंधित शिकायतें, सार्वजनिक कुओं एवं चापाकलों के जल को प्रदूषित किए जाने की शिकायत, पेंशन स्वीकृति, ट्रेड लाइसेंस निर्गमन, घरेलू विवाद, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराने तथा अवैध कब्जे से जुड़े मामले शामिल रहे, साथ ही अन्य जनसमस्याओं एवं सामाजिक मुद्दों से संबंधित आवेदन एवं ज्ञापन प्राप्त हुए ।

उप विकास आयुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक जांच कर समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं हो तथा प्रत्येक आवेदन पर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए । उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है तथा सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

Post Comment

You May Have Missed