कल मेडिकल कॉलेज के ग्रेजुएशन सेरेमनी में होंगे शामिल राज्यपाल

जमशेदपुर | झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सोमवार को बारीडीह स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के ग्रेजुएशन समारोह में शामिल होंगे। जमशेदपुर आगमन के मद्देनजर जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन ने मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज (एमटीएमसी), बारीडीह स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, गार्ड ऑफ ऑनर, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने, आगंतुकों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा यातायात संचालन को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समयपूर्व पूर्ण करने को कहा।
उपायुक्त ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी, वीवीआईपी मूवमेंट रूट, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, कंट्रोल रूम, चिकित्सा सुविधा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की। मौके पर पुलिस अधीक्षक नगर, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम, एडीएम लॉ एन्ड ऑर्डर, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, डीएसपी ट्रैफिक तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



Post Comment