19 को असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए प्रशासन की व्यापक तैयारी
- 60 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा, 26530 परीक्षार्थी होंगे शामिल

जमशेदपुर | पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा 19 अप्रैल को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन हेतु सभी तैयारियों को मूर्त रूप दिया जा रहा है। जिले में कुल 60 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संचालित होगी जिसमें 26530 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं सिटी एसपी कुमार शिवाशीष द्वारा बिरसा मुंडा टाउन हॉल, सिदगोड़ा में आयोजित स्टैटिक दण्डाधिकारी, उड़नदस्ता दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों की ब्रीफिंग में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मौके पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल, आनंद, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि सभी केंद्रों पर दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था संधारण के साथ-साथ कदाचार रोकने हेतु विशेष सतर्कता बरती जाएगी। परीक्षा से संबंधित सामग्री की सुरक्षित प्राप्ति, भंडारण एवं वितरण के लिए भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे समय से अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित होकर सौंपे गए दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा है, जिसका निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा पूरी तरह कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। सभी अभ्यर्थियों से अपील है कि वे निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें एवं जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें, ताकि परीक्षा का संचालन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
सिटी एसपी ने कहा कि परीक्षार्थियों की सघन जांच पुलिस पदाधिकारी सुनिश्चित करेंगे। महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों द्वारा की जाएगी। किसी भी अभ्यर्थी को बिना जांच के परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, कैलकुलेटर, पेजर अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। प्रत्येक केंद्र पर धातु डिटेक्टर एवं हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों के भीतर एवं आसपास निगरानी हेतु विशेष व्यवस्था की गई है ताकि परीक्षा पूर्णतः पारदर्शी एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Post Comment