माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित

जमशेदपुर | महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग तथा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में मिशन शक्ति अंतर्गत ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत बुधवार को गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड कार्यालय सभागार में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अंचल सह बाल विकास परियोजना पदाधिकारी मनोज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि किशोरियों एवं महिलाओं में माहवारी स्वच्छता को लेकर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों को सही जानकारी से दूर किया जाना चाहिए।
प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की राज्य परामर्शी श्रेया त्रिपाठी ने तकनीकी सत्र में माहवारी स्वच्छता, सेनेटरी उत्पादों की उपलब्धता एवं सुरक्षित निपटान जैसे विषयों पर जानकारी दी। सदर अस्पताल की डॉ. अर्चना सिंह ने किशोरियों को प्रारंभिक अवस्था से जागरूक करने तथा स्वच्छता के अभाव में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सभी प्रखंडों से बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के जिला समन्वयक तथा यूनिसेफ की सहयोगी संस्था लीड्स के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।



Post Comment